झांसी। खातीबाबा क्षेत्र में रखे ट्रांसफार्मर में विगत रात आग लगने के कारण फाल्ट हो गया। इससे खातीबाबा क्षेत्र और पहाड़ी मोहल्ले में रहने वाली तकरीबन चार हजार की आबादी दिनभर बिजली और पानी के लिए परेशान रही।
नंदनपुरा उपकेंद्र से जुड़े खातीबाबा क्षेत्र और पहाड़ी मोहल्ले के पास रखे ट्रांसफार्मर में विगत रात आग लग गई थी। विभाग के अधिकारियों ने उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर रखकर बिजली आपूर्ति सुचारु कराई । इसके बाद लाइन में फाल्ट होने के कारण बुधवार की सुबह 11 बजे से सायं 5 बजे तक क्षेत्र में पड़ी केबल को बदलवाने का काम किया गया। इस कारण से क्षेत्र में बिजली नहीं मिली। इसके बाद सायं 5 बजे आपूर्ति को सुचारु किया गया।
इस दौरान क्षेत्र में रहने वाले तकरीबन चार हजार लोगों को भीषण गर्मी में बिजली और पानी की समस्या से जूझना पड़ा। नंदनपुरा के एसडीओ सौरभ निगम के बताया कि लाइन में फाल्ट होने के कारण क्षेत्र की बिजली बाधित रही। इसके बाद नई केबल डालकर क्षेत्र की बिजली सुचारु की गई।