झांसी। ईसीसी सोसायटी चुनाव की 36 सीटों में से 16 के परिणाम बृहस्पतिवार की देर रात तक घोषित हो गए। इनमें 11 सीटों पर नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन (चुनाव चिह्न लैंप) और पांच पर नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ (चुनाव चिह्न उगता सूरज) के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। बाकी परिणामों के लिए मतगणना जारी रही।
ईसीसी सोसाइटी चुनाव की 36 सीटों के लिए 26 जून को मतदान कराया गया था। इनमें 18 सीटें मंडल, सात वर्कशाप, पांच ग्वालियर, तीन बांदा, एक स्टोर व एक मानिक की शामिल थीं। मतदान के लिए अलग- अलग स्थानों पर 28 बूथ बनाए गए थे, जिसमें 16096 कर्मचारियों में 12267 ने अपने मत का प्रयोग किया था।
बृहस्पतिवार को ईसीसी बैंक के ऊपर हॉल में सीनियर डीपीओ उल्लास कुमार के निर्देशन व डीपीओ जीपी मिश्रा की देखरेख में मतगणना काम शुरू हुआ। देर रात तक वर्कशॉप की सात और ग्वालियर की चार सीटों पर नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन व बांदा की दो, मानिकपुर, स्टोर व ग्वालियर की एक- एक सीट पर नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ ने जीत हासिल कर ली थी। बाकी सीटों पर मतगणना जारी रही।
मालूम हो कि, चुनाव में नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ, उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ और संयुक्त मोर्चा (रेल कर्मचारी ट्रैकमेंटेनर एसोसिएशन, अखिल भारतीय अन्य पिछड़ा वर्ग एसोसिएशन, ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे कर्मचारी संघ, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे वर्कर्स यूनियन) ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे थे।