जमातियों पर अभद्र टिप्पणी मामले में शासन ने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. आरती लालचंदानी का झांसी तबादला कर दिया है। उनके स्थान पर डॉ. आरबी कमल को चार्ज देने की तैयारी है। हालांकि डॉ. लालचंदानी ने झांसी आने से इनकार किया है।
डॉ. लालचंदानी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आदेश तो नहीं मिला लेकिन तबादला हो गया है। अभी सितंबर तक उनका कार्यकाल है। ऐसे में उन्होंने झांसी आने से इंकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि वह किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी केजीएमयू लखनऊ के कुलपति की दौड़ में भी शामिल हैं। उनका कार्यकाल तीन महीने बचा है। ऐसे में वह झांसी ज्वाइन करने के बजाए इस्तीफा दे सकती हैं। गौरतलब है कि पहले भी उनका तबादला बांदा और कन्नौज मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य पद पर हुआ था लेकिन उन्होंने ज्वाइन नहीं किया।
झांसी मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्थाएं होना है बदलाव
झांसी मेडिकल कॉलेज में मरीजों का सही से उपचार न होने की शिकायत लगातार जनप्रतिनिधि शासन तक पहुंचा रहे थे। अमर उजाला भी प्रमुखता से खबरें प्रकाशित कर इलाज के अभाव में मरीजों की मौत से लेकर तमाम बदहाली उजागर कर रहा था। इसी के बाद 29 मई को चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने झांसी का दौरा कर लिया।
मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान मंत्री के सामने ही बदहाली, अव्यवस्था उजागर हो गई। वहीं, मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ, साधना कौशिक से उन्होंने कह दिया कि लगता है आपको आराम की जरूरत है।