बबीना(झांसी)। थाना बबीना क्षेत्र में हुई घटना में पुलिस के एक पक्ष का समर्थन करने पर दूसरा पक्ष बिगड़ गया था। जिसके चलते मारपीट व पथराव की घटना हो गई। देर रात पुलिस एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। एसएसपी ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
बताया गया है कि नाली के विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पता चला है कि एक पक्ष का समर्थन करने की बात पुलिस ने की। इस बात पर दूसरे पक्ष की पुलिस से कहासुनी होने लगी। बात बढ़ने पर गुस्साए दूसरे पक्ष के लोगों ने घेराव कर हमला बोल दिया। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। फोर्स के आने से पहले सभी भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने फोर्स के साथ पहुंचकर सभी को पकड़ने के लिए दबिश दी, लेकिन कोई भी हाथ नहीं आ सका। पूरा मामला एसएसपी दिनेश कुमार पी के संज्ञान में आने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। देर रात पुलिस की दबिश जारी थी। सीओ सदर हिमांशु गौरव ने बताया कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।