झांसी। रविवार को रक्सा थाना इलाके में फर्नीचर कारोबारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का शव घर में पंखे के सहारे फंदे पर झूलते हुए मिला। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
ग्राम सुजवाहा निवासी रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी बाबूलाल अहिरवार का पुत्र भूपेंद्र अहिरवार फर्नीचर बनाने का काम करता था। एक महीने पहले ही उसने लहरगिर्द में दुकान खोली थी। रविवार को वो दुकान पर नहीं गया और घर के एक कमरे में सोने के लिए चला गया। काफी देर तक न जागने पर परिजनों ने कमरे की कुंडी बजाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। कमरे में झांककर देखने पर उसका शव पंखे के सहारे दुपट्टे के फंदे से झूलता हुआ मिला। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बता दें कि मृतक की आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से पत्नी पंजाब में मजदूरी करती है। जबकि, बड़ा पुत्र शिवम (20) चैन्नई में एक फैक्टरी में काम करता है। इसके अलावा मृतक अपने पीछे पुत्री शिवानी (17) व पुत्र शिवराज (16) को भी छोड़ गया है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि के पिछले डेढ़-दो माह से पेट में दर्द रहता था, जिससे वो परेशान चल रहा था। इसी परेशानी में उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।