Dial 100 policemen fiercely beaten,one injured
मोंठ (झांसी)। थाना मोंठ इलाके में ड्यूटी के दौैरान डायल 100 कर्मियों के बीच आपस में मारपीट हो गई। जिसके चलते एक सिपाही घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने भी जानकारी ली। देर रात अपर पुलिस अधीक्षक व सीओ ने भी थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों के बयान लिए हैं। जांच रिपोर्ट आने से पहले डायल 100 के तीनों सिपाहियों को हटा दिया गया है।
रविवार दोपहर थाना मोंठ क्षेत्र के अमरा गांव के पास प्वाइंट पर डायल 100 पीआरबी पुलिस 0385 की कार खड़ी थी। गाड़ी में इंचार्ज के रूप में सिपाही जवाहर, चालक अरुण कुमार व ऑपरेटर अरुण सिंह ड्यूटी पर थे। गाड़ी में अचानक इंचार्ज जवाहर व ऑपरेटर अरुण सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी बीच मारपीट के चलते सिपाही जवाहर के कान में गहरी चोट लगने के कारण वह घायल हो गए।
घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी सुनील तिवारी भी मौके पर पहुंचे। घायल सिपाही को उपचार के लिए मोंठ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां पर उनका उपचार कराया गया। सिपाहियों के बीच हुई मारपीट का मामला एसएसपी तक भी पहुंच गया है। उन्होंने इसका संज्ञान लिया है। घटना की जानकारी के बाद अपर पुलिस अधीक्षक देहात राहुल मिठास व सीओ मोंठ संग्राम सिंह ने मोंठ थाने पहुंचकर पड़ताल की। घटना को लेकर अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के बयान भी लिए हैं। देर रात मारपीट का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
सिपाहियों के बीच मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। मारपीट किन कारणों से हुई है, इसकी जांच की जा रही है। थाने पहुंचकर जांच के लिए पीआरबी के झांसी प्रभारी अनूप कुमार को मोंठ भेजा गया है। जांच रिपोर्ट पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रर्वाई भी होगी। जांच सेे पहले तीनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
राहुल मिठास, अपर पुलिस अधीक्षक