सरकार की आमद ‘मरहबा’ दिलदार की आमद मरहबा
झांसी। रविवार को पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्ललाहो अलैही वसल्लम की यौमे पैदाइश को शहर भर में बडे़ ही धूम-धाम से मनाया गया। इस मौके पर सीरत कमेटी की ओर से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। नबी के नारों की गूंज से सारा मंजर तो नूरानी हुआ ही साथ ही, जुलूस पर जगह-जगह फूलों और इत्र की बारिश हुई। जिससे जुलूस में चलने वाले लोग महक रहे थे। हाथों में नबी का परचम था, और जुंबा पर नबी की शान में कलाम को पड़ते हुए लोग आगे बढ़ रहे थे। जुलूस-ए-मोहम्मदी में झांकियां व तोपें मुख्य आकर्षक थीं। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। जुलूस-ए-मोहम्मदी में लोग सरकार की आमद मरहबा, आंख का तारा नबी हमारा व दीन इस्लाम जिंदाबाद के नारे लगा कर लोग आगे बढ़ रहे थे।
ईद मिलादुन्नबी के खास मौके पर मुस्लिम बस्तियों में सुबह से रौनक देखी जाने लगी। शहर के मुख्य चौराहों को रौशन किया गया। इसके अलावा लोगों ने भी अपने घरों को रंग-बिरंगी रोशनी व झालरों से जग-मग किया। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गरीब बस्तियों में लोगों को लंगर वितरित किया। दोपहर होते ही लोगों ने काफिलों में सैयर गेट स्थित मरकजी मस्जिद का रुख किया। काफी तादात में लोग यहां इकट्ठा होने लगे। यहां से सीरत कमेटी द्वारा जुलूस-ए-मोहम्मदी का शुभारंभ किया गया।
जुलूस में युवा, बच्चे व बुजुर्ग पगड़ी पहन कर चल रहे थे। इस दौरान जुलूस में चल रहे लोग नारा-ए-तकबीर अल्लाहु अकबर, सबसे प्यारा नबी हमारा, दीन इस्लाम जिंदाबाद, पत्ता-पत्ता फूल-फूल या रसूल या रसूल, वतन-ए-हिंदोस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। जुलूस ओरछा गेट, सुभाष गंज, गांधी रोड, बड़ा बाजार, बिसाती बाजार, गंधीगर का टपरा, सराफा बाजार, सिंधी तिराहा से होता हुआ मिनर्वा स्थित गुलाम गौस खां चौराहे पर जलसे के रूप में परिवर्तित हुआ। जलसे में उलेमाओं ने इस्लाम की नीव रखने वाले हजरत मोहम्मद सल्ललाहो अलैहे वसल्लम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके बताये रास्ते पर चलने का आह्वान किया। इस मौके पर मुफ्ती इमरान, चौधरी असलम शेर, मौलाना याकूब, हाजी मुन्ना, इदरीस खान, हाजी कदीर, गुुड्डू, मोहम्मद साबिर, इजहार कुरैैशी, इलियास कुरैशी, इकराम दाऊ, असफान सिद्दीकी, मुबीन बाबू जी, मोहम्मद जहूर, शरीफ खान, मोहम्मद शाहिद मौजूद रहे। संचालन नूर अहमद मंसूरी ने व नसीब खान ने आभार व्यक्त किया।
बच्चों में रहा खासा उत्साह
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बच्चों में खास उत्साह देखा गया। शहर की मुस्लिम बस्तियों में सुबह होते ही बच्चों ने नए कपड़े पहनकर बड़ों के साथ जुलूस की ओर रुख किया। जुलूस में बड़ों के साथ बच्चों ने भी जमकर नारे लगाये।
घरों में बनाए गए पकवान
नबी की यौमे पैदाइश के मौके पर मुुस्लिम घरों में खीर के साथ ही कई तरह के पकवानों को बनाया गया। जुलूस-ए-मोहम्मदी के समापन के बाद लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर दावतों का लुत्फ लिया। इस दौरान काफी रौनक रही।
सुरक्षा रही चाक चौबंद
जुलूस के मौके पर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद रहा। इस मौके पर जगह-जगह पुलिस के सिपाहियों को तैनात किया गया। जुलूस के मौके पर एसपी सिटी श्री प्रकाश द्विवेदी, सीओ सिटी डा. अभिषेक कुमार राहुल, शहर कोतवाल देवेंद्र कुमार द्विवेदी के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
जगह-जगह हुआ स्वागत
जुलूस-ए-मोहम्मदी का जगह-जगह स्वागत किया गया। शहर कांग्रेस कार्यालय पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने जुलूस पर फूलों की बारिश की। इस मौके पर विवेक वाजपेई, अफजाल हुसैन, मुकुट विहारी, मौजूद रहे। वहीं ओरछा गेट में समाजवादी अल्पसंख्यक सभा ने जुलूस का स्वगत किया। इस मौके पर संत सिंह सेरसा ने पेश इमामों का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।