ट्रैक पर मां और बेटी का क्षतविक्षत शव मिला।
- फोटो : Darren Hester
ढाई साल से अपनी पत्नी और बेटी को ढूंढ रहा था चंदन लेकिन अब दोनों मिलीं भी तो लाश के रूप में
झांसी। बड़ागांव थाना इलाके का एक युवक अपनी पत्नी और बेटी को लगातार ढाई साल से खोज रहा था, कई शहरों की खाक छान मारी लेकिन कहीं कुछ कुछ पता नहीं चला। बृहस्पतिवार की रात अचानक उसके पास दोनों की मौत की सूचना आई, जिसे सुनते ही उसके होश उड़ गए। पहले तो उसे विश्वास नहीं हुआ। लेकिन जब मौके पर जाकर देखा तो उसका दिल दहल गया। उसके सामने उसकी पत्नी और नन्हीं बेटी की लाश क्षतविक्षत अवस्था में पड़ी हुई थी। उन दोनों की मौत किन हालातों में हुई ये गुत्थी बनी हुई है।
बड़ागांव के ग्राम बावलटांड़ा के चंदन कुशवाहा की साल 2009 में शादी मोंठ के ग्राम पाड़री की संगीता के साथ हुई थी। दोनों के पहले दो पुत्र हुए और उसके बाद एक पुत्री का जन्म हुआ। परिवार की गाड़ी हंसीखुशी के साथ आगे बढ़ रही थी। लेकिन अचानक तकरीबन चार साल पहले पत्नी संगीता अपनी बेटी के साथ घर से चली गई थी। ढाई साल पहले चंदन को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी कानपुर देहात के ग्राम श्रीनगर में अपनी मौसी के घर रह रही है। वह वहां जा पहुंचा। पत्नी मिली, लेकिन उसने चंदन के साथ आने से इंकार कर दिया। इसके बाद वो दो-तीन बार पत्नी को लेने श्रीनगर गया, लेकिन वो साथ आने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद एक बार फिर पत्नी को लेने श्रीनगर पहुंचा, लेकिन पता चला कि वो वहां से अपनी बेटी को लेकर जा चुकी है। कहां गई यह कोई नहीं बता सका। जहां के बारे में भी थोड़ी बहुत जानकारी मिलती वह वहीं पहुंच जाता था। बृहस्पतिवार की शाम उसके पास सूचना पहुंची कि एक महिला और एक लड़की की लाश ग्वालियर मार्ग पर पाल कॉलोनी के पास से गुजरे रेल ट्रैक पर पड़ी हुई है। महिला के पास से मिली एक पर्ची में उसका नाम लिखा हुआ था। मौके पर जाकर जब उसने देखा तो सामने उसकी पत्नी और बेटी की लाश पड़ी हुई थी, जिन्हें वो पिछले ढाई साल से तलाश रहा था। वह वहीं निढाल होकर फफक - फफककर रो पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने समझाकर उसे शांत कराया। पुलिस ने दोनों लाशों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार को चंदन अपने परिजनों के साथ सुबह से ही पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बैठा रहा। चंदन ने बताया कि ढाई साल पहले उसकी पत्नी से आखिरी मुलाकात कानपुर देहात के श्रीनगर में हुई थी। वह उसे वापस घर लाने के लिए गया था, परंतु लाख समझाने के बाद भी राजी नहीं हुई। इसके बाद पत्नी और बेटी का पता नहीं चला। चंदन ने कहा कि उसे नहीं पता कि ये दोनों ढाई साल तक कहां रहीं और रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंची। वहीं, पुलिस घटना को आत्महत्या मानकर चली रही है। माना जा रहा है कि मां ने अपनी बेटी के साथ ट्रेन से कटकर जान दे दी।