झांसी। पारीछा में ढाबा चलाने वाला युवक मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। शुक्रवार देर रात उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
दतिया के मामाजी का बाग निवासी संजय (36) पुत्र मुन्ना पारीछा में एक ढाबा चलाता था। बृहस्पतिवार को वह दतिया स्थित अपने गांव जाने के लिए बाइक से निकला था। रात करीब ग्यारह बजे जैसे ही वह रक्सा तिराहा के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर वह सड़क पर जा गिरा। राहगीरों ने हादसे की सूचना सीपरी बाजार पुलिस को दी। वाहन चालक को राहगीरों ने थोड़ी दूरी पर पकड़ लिया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलावस्था में संजय को अस्पताल में भर्ती करा दिया। यहां उपचार के दौरान शुक्रवार देर-रात उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि संजय के पिता की मौत करीब पंद्रह वर्ष पहले हो चुकी। परिवार में मां मीरा, पत्नी समेत दो बेटे एवं एक बेटा है। उसका एक बेटा पूरी तरह दिव्यांग है। मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों की तहरीर पर सीपरी बाजार पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।