झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के आर्किटेक्चर विभाग में डिग्री इन इंटीरियर डिजाइन कोर्स शुरू होगा। मंगलवार को हुई कार्य परिषद की बैठक में नया पाठ्यक्रम शुरू करने पर मुहर लग गई। इसके अलावा बैंकिंग एंड फाइनेंस विभाग में दो कोर्सों का नाम बदल दिया गया।
आर्किटेक्चर विभाग में शुरू होने वाला कोर्स डिग्री इन इंटीरियर डिजाइन चार साल का होगा। इसमें छात्रों को डिप्लोमा की भी सुविधा मिलेगी। कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन ने बताया कि यदि छात्र दो साल की पढ़ाई कर लेंगे तो उन्हें डिप्लोमा मिल जाएगा। कोर्स की फीस 75 हजार रुपये तय की गई है। इसमें 40 सीटें होंगी। कुलपति ने बताया कि बैंकिंग एंड फाइनेंस विभाग में संचालित एमएफसी कोर्स का नाम बदलकर एमबीए इन बैंकिंग इन इंश्योरेंस कर दिया गया है। एक अन्य कोर्स का नाम एमबीए बिजनेस इकोनॉमिक्स करते हुए फीस भी निर्धारित कर दी है। कार्य परिषद की बैठक में चार कर्मचारियों को एसीपी देने की संस्तुति कर दी गई है। वहीं, 10 साल की सेवाएं पूरी कर चुके चार शिक्षकों की चार फीसदी की वेतनवृद्धि हुई है। इसके अलावा 2019-20 की बैलेंस शीट की स्वीकृति हुई। वहीं, अब बीयू में कार्यालय अधीक्षक प्रशासनिक अधिकारी कहलाएंगे।