झांसी। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर शुक्रवार को झांसी आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिफेंस कॉरिडोर के झांसी नोड में स्थापित होने वाली भारत डायनामिक्स लिमिटेड की इकाई की आधारशिला रखी। कंपनी यहां 400 करोड़ रुपये के निवेश से इकाई की स्थापना करेगी। यहां एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल का निर्माण होगा। इसमें पांच हजार लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार हासिल होगा।
फरवरी 2018 में लखनऊ में यूपी इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हिस्सा लिया था। समिट के दौरान पीएम ने देश में दो डिफेंस कॉरिडोर बनाने की घोषणा की थी, जिसमें से एक तमिलनाडु और दूसरा उत्तर प्रदेश को दिया गया था। प्रदेश में यह रक्षा गलियारा छह जनपद झांसी, चित्रकूट, आगरा, अलीगढ़, कानपुर और लखनऊ में विकसित किया जाना है। छहों जनपदों में बनने वाले डिफेंस कॉरिडोर का 59 फीसदी हिस्सा झांसी जनपद में विकसित किया जाना है। इसके लिए गरौठा तहसील के गांव एरच, गेंदा कबूला, झबरा, नेकारा, कठर्री व लभेरा में 1,034 हेक्टेयर भूमि ली गई है। यह जमीन उत्तर प्रदेश डवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) ने किसानों से खरीदी है। इसमें से 183 एकड़ जमीन पर रक्षा मंत्रालय के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमण भारत डायनामिक्स लिमिटेड द्वारा इकाई स्थापित की जा रही है। इकाई की स्थापना पर कंपनी 400 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके अलावा कंपनी अपने कर्मचारियों के लिए यहां आवासीय टाउनशिप भी बनाएगी। शुक्रवार झांसी आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किले के मैदान में आयोजित सेना के राष्ट्ररक्षा समर्पण पर्व के दौरान इकाई की आधारशिला रखी। क्षेत्र के विकास की दृष्टि से इसे बेहद अहम माना जा रहा है।