झांसी। प्रेमनगर के टीआरएस कॉलोनी में भतीजी को चाकू मारकर घायल करने के बाद खुद को भी चाकू मारने वाले सिरफिरे चाचा की उपचार के दौरान शुक्रवार की देर-रात मौत हो गई। सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस अस्पताल पहुंच गई। उसने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
प्रेमनगर पुलिस के मुताबिक नगरा के टीआरएस कॉलोनी निवासी लक्ष्मी चौहान में रेलवे में हेल्पर हैं। उनके पति की मौत कई वर्ष पहले हो चुकी। उनके साथ पुत्र अभिषेक, पुत्री किरण, देवर सुनील एवं सास होशियारी देवी रहती हैं। किरण 10 नवंबर को घर में थी। दोपहर करीब बारह बजे उसका चाचा सुनील (45) वहां आया और उसे शैंपू लाने के लिए कहा। किरण जब शैंपू खोज रही थी, इसी दौरान अचानक सुनील ने किरण को दबोचकर उसके ऊपर चाकू से कई वार कर दिए। उसके हाथ, गर्दन, सीना एवं कमर के पास वार होने से किरण गंभीर रूप से घायल हो गई। थोड़ी देर बाद सुनील ने भी अपने को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। यह देखकर परिजनों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घर में पहुंच गई। उसने दोनों को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के बाद 16 नवंबर को किरण की छुट्टी हो गई जबकि सुनील की हालत नाजुक बनी रही। तब से वह आईसीयू में ही भर्ती रहा। वहां उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और शुक्रवार देर-रात उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। इंस्पेक्टर प्रेमनगर जेपी पाल के मुताबिक सुनील के परिजनों का कहना है उसका मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं था। पिछले काफी दिनों से उसका उपचार चल रहा था। वह अकसर इस तरह से अक्रामक हो उठता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है।