बड़ागांव कस्बे में रहने वाले बृजेंद्र उर्फ वीरू कुशवाहा की शादी 17 फरवरी 2023 को काजल के साथ हुई थी। मामा मुकेश कुमार ने बताया कि काजल की शादी में तकरीबन 12 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग काजल को परेशान करने लगे। वे दहेज में तीन लाख रुपये की मांग कर रहे थे। इसको लेकर विवाद होता था। एक-दो बार पंचायत हुई, तो समझाइश से मामला शांत हो गया। लेकिन, ससुराल वाले दोबारा से भांजी को परेशान करने लगे।
मामा ने बताया कि काजल सात माह की गर्भवती थी। उसका मायका भी बड़ागांव में था। होली के बाद दूज पर वह मायके आई और भाई का टीका करके उसी दिन ससुराल चली गई थी। बुधवार सुबह तकरीबन साढ़े सात बजे ससुराल से फोन आया कि काजल ने फांसी लगा ली। थोड़ी देर बाद ही जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो कमरे में पंखे पर काजल का शव लटका था।
जबकि, उसके पैर पलंग पर रखे थे। पति, ससुर और जेठ मौके से नदारद थे। घर पर काजल की सास, जेठानी और दादी सास थी। पूछने पर उन्होंने बताया कि खाना बनाकर काजल अपने कमरे में चली गई थी और वहां उसने फांसी लगा ली। मामा ने ससुरालियों पर भांजी को मारकर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया।
मामले में सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतका ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों की तहरीर पर पति, ससुर, सास, जेठ, जेठानी, दादी सास और दादा ससुर के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।