कम उम्र में बेटी पर इश्क का भूत चढ़ा तो मां को कड़ा कदम उठाना पड़ा। बेटी प्रेमी के संग चली न जाए इसलिए मां ने उसको ठेले पर जंजीर से बांध दिया। किशोरी का जंजीरों में बंधा वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने किशोरी को जंजीर से आजाद कराया और मां के साथ थाने ले आई।
शनिवार की शाम बस अड्डे पर यात्रियों ने हथठेले पर 16 साल की एक किशोरी को जंजीर से जकड़े देखा। इसका किसी ने वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई।
पुलिस को किशोरी की बुजुर्ग मां ने बताया कि वह बस स्टैंड पर पानी की बोतल बेचती है और ठेले के पास ही अपनी नाबालिग बेटी के साथ रहती है। किशोरी का तालपुरा निवासी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वह युवक के साथ दो बार जाने का प्रयास कर चुकी है।
इसकी शिकायत पुलिस से भी की जा चुकी है। शनिवार को वह फिर से युवक के साथ जाने की फिराक में थी। उसे रोका तो नाबालिग और उसके प्रेमी ने उस पर हमला बोल दिया। किसी प्रकार बेटी को रोका, जबकि युवक भागने में सफल हो गया।
इसके बाद उसने बेटी को ठेले पर जंजीर से जकड़ दिया। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया, जिसमें एक अनजान व्यक्ति भी नाबालिग को गाली देता नजर आ रहा है। महिला ने बताया कि उसे लड़की बचपन में लावारिस मिली थी, उसे उसने पाला है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाई। मौके पर पहुंची पुलिस मां-बेटी को अपने साथ ले आई। नवाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को थाने लाया गया है।
नाबालिग की बहन को भी बुलायाल गया है। नाबालिग अपने बयान बदल रही है। मामले की पड़ताल की जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद महानगर में चर्चा का आलम रहा।