झांसी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत एवं ओलंपिक के प्रति जागरूकता बढ़ाने के मकसद से संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम के 100वें संस्करण के अवसर पर मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ कोच सुषमा कुमारी के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है। इससे पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने में भी योगदान मिलता है। उन्होंने युवाओं को दैनिक जीवन में साइकिल को अपनाने के लिए प्रेरित किया। जिला युवा अधिकारी विशाल सिंह ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए युवाओं का नशे से दूर रहना और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। अंत में सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई गई।