अफसरों की लापरवाही के कारण बारह साल से बदहाली का दंश झेल रहे झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) के प्रोजेक्ट बेतवा विहार कॉलोनी के दिन बहुरने वाले हैं। कॉलोनी में पार्क, सड़क और नालियां बनाने के लिए स्टीमेट तैयार कर लिया गया है, इस पर डीएम से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर निकाल कर आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। ये बुनियादी कार्य होने के बाद यहां प्लॉट लेने वाले अपने आवास बना सकेंगे।
जेडीए ने 2004 में बूढ़ा गांव में कॉलोनी विकसित करने के लिए 38.71 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की थी। बेतवा विहार कॉलोनी के नाम से यहां पर 914 भूखंड आवंटित किए गए। सभी भूखंड की रजिस्ट्रयां भी हो गईं, लेकिन जिन लोगों ने यहां प्लाट लिए वह अभी तक अपने मकान बनाने का सपना पूरा नहीं कर सके हैं। यहां न तो सड़क थी, न नालियां और न ही पार्क की व्यवस्था थी। वहीं, बिजली और पानी की समस्या से भी मकान बनने की राह में रोड़ा का कार्य कर रही थी।
बिजली की समस्या के समाधान के लिए पावर हाउस बन चुका है, जबकि पानी की समस्या के समाधान के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब जेडीए ने सड़क, नाली और पार्क बनाने के लिए स्टीमेट तैयार कर लिया है। आठ करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट को अब डीएम की स्वीकृति का इंतजार है।
ये होंगे कार्य
बेतवा विहार आवासीय योजना में छोटे-छोटे नालों का निर्माण किया जाएगा, ताकि आसपास पानी न भरे और की बेहतर निकासी हो सकेे। इस पर 1.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कॉलोनी में पार्क विकसित किए जाएंगे। पार्कों के चारों ओर ग्रिल, हरियाली और बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे, जिस पर 1.57 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़कों का निर्माण 4.22 करोड़ रुपये से कराया जाएगा, वहीं नाली डिवाइडर एवं पुलिया बनाई जाएगी, जिस पर करीब 97 लाख रुपये खर्च होंगे। इस तरह आठ करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जाएंगे।
ग्रुप हाउसिंग का निर्माण होगा
बेतवा विहार कॉलोनी में ग्रुप हाउसिंग योजना पर भी मंथन चल रहा है। इसके लिए आर्किटेक्ट के माध्यम से ले आउट तैयार किया जाएगा। आर्किटेक्ट के चयन के लिए टेंडर निकाले गए हैं। आर्किटेक्ट चयन के बाद इसका प्लान तैयार होगा।
सड़क चौड़ीकरण का कार्य होगा
रिसाला चुंगी से भगवंतपुरा तक सड़क चौड़ीकरण, पुलिया और डिवाइडर का निर्माण, हंसारी की पुलिया से लेकर खैलार बाईपास ओवरब्रिज तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य, बिजली के खंभे व स्ट्रीट लाइट लगाने का काम इसके अलावा पंचतंत्र पार्क में सोलर लाइट लगाई जाएगी, इन कार्यों का स्टीमेट लगभग तैयार हो गया है। स्वीकृति के बाद टेंडर निकाला जाएगा।
बेतवा विहार कॉलोनी के विकास के लिए स्टीमेट तैयार हो गया है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और जल्द कार्य कराया जाएगा। कॉलोनी विकसित होते ही वहां पर मकानों का निर्माण भी शुरू हो जाएगा।
- चंद्रविजय सिंह, उपाध्यक्ष, जेडीए