Three student marked accused, hindi news in jhansi
- फोटो : demo pice
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग के छात्रों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में तीन आरोपी छात्र चिह्नित कर लिए गए हैं। घटना के समय प्रॉक्टोरियल बोर्ड के एक सदस्य मौके पर मौजूद थे।
गौरतलब है कि रविवार देर शाम विश्वविद्यालय के बगल में स्थित स्टेट बैंक के पास लार्ड बुद्धा हॉस्टल में रहने वाले तीन इंजीनियरिंग छात्रों को बाहर के हॉस्टल में रह रहे साथी छात्रों ने घेर लिया था। इसके बाद उसकी लाठी, डंडों से जमकर पिटाई की थी। हमले में दो छात्रों के सिर फट गए थे। जबकि, एक अन्य छात्र भी घायल हुआ था। बाद में तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जब यह घटना हुई उस वक्त प्रॉक्टोरियल बोर्ड के एक सदस्य मौके पर मौजूद थे। सोमवार सुबह पीड़ित छात्रों ने इंजीनियरिंग के तीन आरोपी छात्रों के नाम बताए। प्रॉक्टर प्रो. एमएल मौर्या ने बताया कि आरोपी छात्र चिह्नित कर लिए गए हैं। अब मंगलवार को उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हो सकता है निष्कासन
सूत्रों के अनुसार लार्ड बुद्धा हॉस्टल के छात्रों पर हुआ हमला सुनियोजित था। आरोपियों को पता था कि छात्र कब बाहर निकलने वाले हैं, इसलिए पहले से ही योजना बना ली गई थी। अब इस मामले में चिह्नित हुए आरोपी छात्रों के खिलाफ निष्कासन तक की कार्रवाई की जा सकती है।