Bike riders saddled looted millions Mirchi
- फोटो : demo pice
झांसी। सोमवार देर रात डीआरएम कार्यालय के पास स्थित दांडी यात्रा चौराहे के सामने बाइक सवार दो युवकों की आंखों में मिर्ची झोंक कर लुटेराें ने करोड़ों रुपये लूट लिए और भाग गए। घटनास्थल के चक्कर में जीआरपी व नवाबाद पुलिस एक-दूसरे के पाले में गेंद फेंकते रहे। लूट तो करोड़ों रुपयों की हुई, मगर पुलिस अधिकारी महज चालीस लाख रुपये की लूट बता रहे हैं।
कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले सर्राफा व्यापारी राजू कमरया के ज्वैलरी एवं अन्य इलेक्ट्रानिक्स वस्तुओं के शोरूम हैं। उनके अन्य कारोबार भी है। उनके यहां काम करने वाला उनाव गेट निवासी संजय नामक युवक रुपयों का लेन-देन भी करता है। उसे राजू कमरया द्वारा अपने सामनों की उधारी देने एवं भुगतान करनेे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सोमवार की रात ट्रेन से संजय को दिल्ली जाना था।
लगभग 11 बजे संजय अपने साथी कर्मी राकेश के साथ मोटरसाइकिल द्वारा स्टेशन जाने के लिए निकला। जैसे ही वह बाइक से डीआरएम कार्यालय के पास स्थित दांडी मार्च चौराहे के सामने पहुंचा। तभी पीछे से आ रही एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसकी बाइक असंतुलित हो गई और दोनों गिर गए। टक्कर मारने के बाद कार चली गई। इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक आए और उन्होंने मिर्ची पाउडर संजय व राकेश की आंखों में झोंक दिया। इससे वे तिलमिला उठे और बाइक सवार संजय के हाथों से रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग गए।
जब संजय व राकेश कुछ सामान्य हुए तो दोनों जीआरपी थाने पहुंच गए। वहां उन्होंने घटना की जानकारी दी। लेकिन जीआरपी ने घटना स्थल नवाबाद का बताते हुए नवाबाद पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और जीआरपी थाने से दोनों पीड़ितों को लेकर चली आई। इसके बाद पीड़ितों का कोई सुराग नहीं लगा।
सूत्रों का कहना है कि इस घटना में बैग में लूटे गए रुपये करोड़ों की संख्या में थे। वहीं नवाबाद प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि घटना में कितने की लूट हुई, अभी तक इस बारे में कोई तहरीर नहीं दी गई है। उधर, एसपी सिटी गरिमा सिंह का कहना है कि घटना में लगभग चालीस लाख रुपये लूटे गए हैं। अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। इसलिए लूटी गई सही रकम की जानकारी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि लुटेरों की तलाश की जा रही है।