फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लगातार तीन ट्रेनें लूटने वाला इनामी गिरफ्तार

Wed, 22 Jun 2016 01:32 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
thiefing, case, jhansi news - फोटो : demo
विज्ञापन
झांसी। तीन ट्रेनों में डकैती की घटना को अंजाम देने की वारदात में पिछले छह साल से फरार चल रहे बीस हजार रुपये के इनामी बदमाश को जीआरपी ने करारी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार अभियुक्त वर्तमान में ग्वालियर में रह कर फूल बेचने का काम कर रहा था। 
विज्ञापन


विगत 19 अगस्त 2010 की रात झांसी स्टेशन से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित आउटर सिगनल पर कच्छाधारी गिरोह के बदमाशों ने पांच घंटे के भीतर एक के बाद एक तीन ट्रेनों जम्मूतवी-जबलपुर एक्सप्रेस, कर्नाटका एक्सप्रेस व तमिलनाडु एक्सप्रेस में डाका डाला था। जीआरपी ने इस कांड में शामिल सात में पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था तथा एक ने खुद ही समर्पण कर दिया था।

घटना के बाद से ही सातवां अभियुक्त ललितपुर के जाखलौन थाना क्षेत्र के ग्राम धौर्रा निवासी वासु पुत्र सुरजन फरार चल रहा था। मंगलवार को तड़के जीआरपी क्राइम ब्रांच प्रभारी संजय कुमार सिंह ने टीम के साथ उक्त अभियुक्त को मुखबिर की सूचना पर करारी रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया। तलाशी में आरोपी के पास से 260 ग्राम नशीला पाउडर भी बरामद किया गया। 
विज्ञापन


मंगलवार को एसपी (रेलवे) सत्येंद्र कुमार ने पत्रकारों को बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक (रेलवे) ने उक्त फरार आरोपी पर बीस हजार रुपये का नकद पुरस्कार घोषित कर रखा था। इस मौके पर सीओ रेलवे ओमप्रकाश, प्रभारी निरीक्षक आरसी मिश्र मौजूद रहे।

आरोपी का यह था कहना 
पकड़े गए आरोपी वासु का कहना था कि उसके साथियों ने उसका झूठा नाम लिखा दिया था। उसके साथी गांव में ही रहते थे। डर के कारण वह ग्वालियर में रहने लगा था। ग्वालियर में वह फूल बेचकर पत्नी व पांच बच्चों का भरण पोषण कर रहा था। 

इन यात्रियों को बनाया था निशाना   
----------------------------
रात एक बजे:  जम्मूतवी से चल कर जबलपुर जा रही 1450 अप जम्मूतवी-जबलपुर एक्सप्रेस में पृथ्वीपुर निवासी सुमन यादव का मंगलसूत्र, उनकी बहन पूजा यादव की कान के झुमके, गले की जंजीर, पति संजीव कुमार का पर्स, इंदौर के शीतल नगर निवासी सपना जैन की जंजीर व बैग, उनके पति आशीष जैन का पर्स, प्रेमनगर निवासी रमेश चंद्र से नकद 257 रुपये, ओरछा निवासी रघुवीर सहाय से नकदी, मऊरानीपुर क्षेत्र के ग्राम स्वावनी खुर्द निवासी जितेंद्र, मोनू, मुकेश यादव व पप्पू से दो-दो हजार रुपये लूटे थे। 
रात तीन बजे:  बदमाशों ने नई दिल्ली से बंगलूरू जाने वाली 2628 अप कर्नाटका एक्सप्रेस के जनरल कोच व स्लीपर में सवार आवास विकास निवासी संतोष ने बैग व शिवाजी नगर निवासी अनुराधा श्रीवास्तव का पर्स लूटा था। 
सुबह चार बजे: नई दिल्ली से चेन्नई जाने वाली 2622 अप तमिलनाडु एक्सप्रेस के एस-5 व एस-9 कोच में सवार सुरेंद्र पाल की अंगूठी, मोबाइल व सोने की जंजीर के अलावा अन्य चार यात्रियों का सामान लूट लिया था। 

डिप्टी एसएस ने लिखाया था मुकदमा 
जीआरपी ने डिप्टी एसएस वाणिज्य राकेश भार्गव की लिखित शिकायत पर जम्मूतवी जबलपुर एक्सप्रेस व कर्नाटका एक्सप्रेस में हुई लूट का मुकदमा धारा 392 में दर्ज कर लिया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें