क्षेत्र में जोरों पर हो रहे अवैध खनन को रुकवाने की मांग को लेकर एक युवक बुधवार सुबह पहाड़ी पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा। युवक के पहाड़ी पर चढ़ने की खबर मिलते ही मौके पर लोगों का हुजूम लग गया। सूचना पर प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी पहुंच गए। करीब नौ घंटे बाद शाम को उसे उतारा जा सका।
थाना मोंठ के ग्राम सारन निवासी सूरजभान का पुत्र सौरभ (22) अपने ननिहाल ग्राम मड़ोरा में राजवीर यादव के यहां एक माह पहले आया था। बुधवार सुबह करीब सात बजे ग्राम में मुढ़िया पहाड़ी पर वह रस्सी के सहारे करीब 300 फीट ऊपर चढ़ गया और हंगामा करने लगा। युवक खुद को कारसदेव देवता बताते हुए पहाड़ियों के हो रहे खनन पर अपनी नाराजगी जताते हुए खनन बंद कराने की मांग कर रहा था। उसके पहाड़ी पर चढ़ने की खबर मिलते ही परिवार व ननिहाल के लोगों ने मौके पर पहुंच कर उसे काफी समझाया, लेकिन वह नहीं उतरा। ग्राम प्रधान राजेंद्र यादव की सूचना पर एसडीएम मोंठ यूपी सिंह, सीओ करन सिंह, एसओ पूंछ उदयभान गौतम मौके पर पहुंचे और उससे नीचे आने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। उसे उतारने के लिए जब भी कोई ऊपर चढ़ने की कोशिश करता तो वह उसके ऊपर पत्थर फेंकने लगता, जिससे किसी की भी हिम्मत चढ़ने की नहीं हुई। एसओ पूंछ उदयभान गौतम एवं सिपाही अनुरुद्ध उसे उतारने के लिए पत्थर पकड़ कर पहाड़ी पर चढ़ने लगे लेकिन पत्थर टूटने से दोनों करीब दस फीट ऊंचाई से लुढ़कते हुए नीचे गिरकर चुटहिल हो गए।
इस पर योजना के तहत सौरभ को उतारने के लिए एसडीएम एवं सीओ ने उसे बातों में उलझाया और पहाड़ी के दूसरे छोर से गांव के ही सुरेंद्र एवं ग्राम अमरौख के गंगाराम को रस्सी के सहारे पहाड़ी पर चढ़ाया। इन लोगों ने युवक को पकड़ लिया। शाम करीब 4.15 बजे सौरभ को नीचे उतार कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एसओ पूंछ, संजू सेरसा व ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह यादव ने उसे उतारने वाले गंगाराम एवं सुरेंद्र को एक-एक हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया।