स्टेशन रोड पर बुधवार अपराह्न में साइकिल उठाकर भाग रहे युवक को दुकानदारों ने दबोच लिया। पिटाई कर उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मामला स्टेशन रोड पर जूता शोरूम के पास का है। कोतवाली क्षेत्र के गांव नरऊ निवासी महेश दोपहर में बाजार आया। साइकिल उसने दुकान के सामने खड़ी कर दी और पड़ोस के किराना स्टोर पर सामान खरीदने लगा। इसी बीच उसकी नजर साइकिल उठाकर खिसक रहे युवक पर पड़ गई। महेश ने शोर मचाया तो कई दुकानदार बाहर निकल आए। दुकानदारों ने उचक्के को दबोच लिया। महेश को उसकी साइकिल दिलाकर दुकानदारों और राहगीरों ने उचक्के की जमकर पिटाई की।
सूचना मिलते ही कोतवाली से दो पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। उचक्का पुलिस के हवाले कर दिया गया। महेश ने बताया कि पिछले महीना बाजार से उसकी एक और साइकिल चोरी हो चुकी है।