झांसी। सीपरी बाजार दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी का ममेरा भाई एक माह से पुलिस की हिरासत में है। उससे पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है, पर अभी तक कुछ भी निष्कर्ष नहीं निकल सका। पुलिस भी इसके बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं पा रही है।
मालूम हो कि 22 अप्रैल को दिनदहाड़े सीपरी बाजार थानांतर्गत प्रेमगंज में शोभा किन्नर और उसके साथ रहने वाले पप्पू बाबा की बेरहमी से चाकुओं से गोदकर हत्या की गई थी। हत्यारे लाखों रुपये के जेवरात व नगदी लूटकर ले गए थे। कुछ दिनों बाद पुलिस ने कुछ जेवर व नगदी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी पवन निवासी दतिया पुलिस पकड़ से बाहर था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीम मुंबई गई थी, तभी वह भागकर दतिया आ गया था।
दतिया में पुलिस ने उसे तमंचा समेत गिरफ्तार कर लिया और झांसी पुलिस हाथ मलती रह गई थी। पुलिस सूत्र बताते हैं कि हत्या करके लूटे गए जेवरात का बड़ा हिस्सा पवन के पास है, जो उसने किसी खास परिचित के यहां छुपा रखा है। इसके चलते पुलिस टीम ने पवन के ममेरे भाई जितेंद्र सगर निवासी हरीपुर वार्ड 10 डबरा को नौ मई को हिरासत में लिया। उसे अलग-अलग स्थानों पर रखकर कई पुलिस टीमों ने पूछताछ की पर, आज तक पुलिस उससे कोई संतोषजनक जानकारी हासिल नहीं कर सकी है।
थानाध्यक्ष प्रवीन कुमार यादव का कहना है कि उसे स्वॉट टीम ने पकड़कर सौंपा है। उससे पूछताछ की जा रही है, पर कोई जानकारी हासिल नहीं हो सकी है।