फर्जी आईडी से चालू सिम बेचने वाले गिरोह के चार लोगों को शनिवार रात कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके पास से तमाम फर्जी आईडी प्रूफ और चालू सिम बरामद हुई हैं। देर रात तक पुलिस मामले को दबाने में जुटी हुई रही।
शनिवार की रात कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि एक दुकान से काफी समय से फर्जी आईडी पर चालू सिमें मुंह मांगी कीमत पर बेची जा रही है। इन सिमों को न सिर्फ झांसी बल्कि ललितपुर, जालौन में भी काफी मात्रा में बेचा जा रहा है। सूचना मिलने पर रात करीब आठ बजे पुलिस ने दुकान पर छापा मारा, जहां से कानपुर, लखनऊ, झांसी, ललितपुर के तमाम आईडी प्रूफ मिले। जब दुकान की तलाशी ली गई तो फर्जी आईडी पर चालू तमाम सिमें मिली। पुलिस ने आईडी प्रूफ और चालू सिमें कब्जे में लेकर दुकान संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया। चारों लोगों के कोतवाली थाने पर आते ही सिफारिशों का दौर शुरू हो गया। इसके चलते पुलिस ने मामले को दबाने की कवायद शुरू कर दी। सूत्रों का कहना है कि उच्चाधिकारियों के कानों तक मामले की भनक पहुंची तो कोतवाली पुलिस सतर्क हो गई। इस बाबत कोतवाली प्रभारी आशीष मिश्रा से बात करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।