विद्युत विभाग के एसडीओ ने अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को मुक्त कराया। इस मामले में पत्नी ने एसडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
सीपरी बाजार थानांतर्गत मोहल्ला सर्वनगर निवासी मीनाक्षी उर्फ रिचा ने एसएसपी किरन एस को फोन करके बताया कि वह विद्युत विभाग के एसडीओ मुकेश कुुमार पुत्र पोखीराम की पत्नी है। पति ने एक महिला से अवैध संबंधों का विरोध करने पर उसे कमरे में बंद करके बेरहमी से पीटा है। इस पर एसएसपी के आदेश पर महिला थानाध्यक्ष व सीपरी बाजार थानाध्यक्ष फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। वह पीड़िता को लेकर महिला थाने आए।
पीड़िता रिचा ने लिखित शिकायत करते हुए बताया कि पति के एक महिला से काफी समय से अवैध संबंध हैं, जिसका विरोध करने पर उसे आए दिन मारपीट कर प्रताड़ित किया जाता है। शनिवार को भी उसे पीट करके घायल कर दिया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एसडीओ पति के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। थानाध्यक्ष डा. रंजना गुप्ता ने बताया कि पीड़िता के बच्चों ने भी पिता द्वारा की जाने वाली मारपीट की पुष्टि की है। पति घर से फरार है।