गाजीपुर थाना क्षेत्र के खेसहन गांव में एक किशोरी को जिंदा फूंक दिया गया। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले दंपति और उनके बेटे और बेटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ संजय सिंह ने बताया कि घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई गई है।
इसके अलावा पुलिस ने पूछताछ के लिए दंपति को भी हिरासत में लिया है। शव का डॉक्टर के पैनल की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट आने के बाद घटना से पहले किशोरी के साथ की गई मारपीट का खुलासा हो सकेगा। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है।
गांव निवासी सोनेलाल शुक्ला की बेटी कोमल (17) घर में अकेली थी। लड़की के पिता ने बताया कि पड़ोसी रमेश प्रसाद शुक्ला से खेतों के बंटवारे और पेड़-पौधों को लेकर पुराने समय से विवाद चला आ रहा है। हाल में ही आम तोड़ने को लेकर भी पड़ोसी के परिवार से झगड़ा हुआ था।
पीड़ित सोनेलाल का आरोपी है कि रमेश प्रसाद शुक्ला और उसकी पत्नी निर्मला देवी, बेटे विनय और बेटी आशा ने घर में अकेला पाकर कोमल को पहले बुरी तरह से पीटा।
इसके बाद केरोसिन डालकर आग लगा दी। इसके बाद आरोपी बाहर से दरवाजा बंद करके फरार हो गए। उन्होंने बताया कि खेत से घर लौटने पर घटना के संबंध में जानकारी हुई।
उधर पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर दंपति समेत उनके दोनों बच्चों के खिलाफ नामजद हत्या की रिपोर्ट लिख ली है। एसओ संजय सिंह ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। पूछताछ के लिए दंपति को हिरासत में लिया गया है। वहीं, डाक्टर के पैनल के मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।