झांसी। अब तक रात के अंधेरे में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाश पुलिस की निष्क्रियता के कारण बेखौफ हो गए हैं। सोमवार को बदमाशों ने वीरांगना नगर में रहने वाले जेडीए के एक जेई के घर में दिनदहाड़े दरवाजे की चौखट उखाड़ कर घुसे और अलमारी की तिजोरी उखाड़कर ले गए। बदमाशों ने दिनदहाड़े हजारों की नकदी व जेवरात चोरी कर पुलिस को चैलेंज किया है।
नवाबाद थाना क्षेत्र के वीरांगना नगर स्थित श्रीजी हास्पिटल के सामने टावर वाली गली में झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) में कार्यरत अवर अभियंता नरेंद्र थापक का आवास है। सोमवार की सुबह उनकी पत्नी शिक्षिका अर्चना पिछोर स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ाने चली गई और वह खुद दस बजे अपने ऑफिस के लिए निकल आए। बेटा शशांक किसी काम से निकल गया था। दोपहर डेढ़ बजे जब अर्चना अपने घर पहुंची तो पोर्च के अंदर कमरे की चौखट उखड़ी देख चौंक गईं। अंदर का नजारा देखकर वह उल्टे पांव वापस लौट आई।
अंदर सभी कमरों की अलमारियां व इंटर लॉक के ताले टूटे व सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की तिजोरी भी उखाड़ ली गई थी। उन्हें डर लग रहा था कि कहीं अंदर अभी भी बदमाश तो नहीं है। घर के बाहर आने के बाद उन्होंने शोर मचाकर कॉलोनी वासियों को एकत्र कर लिया। बाद में सभी ने अंदर जाकर देखा तो कोई नहीं मिला। बदमाश चोरी करके जा चुके थे। सूचना पर नरेंद्र थापक व पुलिस मौके पर पहुंची। जेई के अनुसार बदमाश अलमारी में रखे चालीस हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। देर रात तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।