झांसी। एक युवती को दहेज में फ्रिज व बाइक न मिलने पर फांसी लगाकर मार डालने का आरोप लगाया गया। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टीकमगढ़ के पलेरा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम लारौन निवासी भगवान दास पुत्र पलटू कुशवाहा ने लहचूरा थाने की पुलिस को बताया कि उसकी पच्चीस वर्षीय पुत्री तेजकुंवर की शादी 9 मई 2014 को लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम सौनकपुरा निवासी रतिराम से हुई थी। शादी में उसने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था।
आरोप लगाया गया कि इसके बावजूद ससुराल वाले दहेज में फ्रिज व मोटरसाइकिल की अतिरिक्त मांग करने लगे। दहेज की मांग पूरी न होने पर तेजकुंवर को फांसी लगाकर मार डाला गया। लहचूरा थाने की पुलिस ने सूचना पर ससुराल पक्ष के रतिराम, वती एवं गौरीशंकर कुशवाहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं, मऊरानीपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पचौरा निवासी रश्मि पुत्री कैलाश सेन ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये व मोटरसाइकिल की मांग को लेकर परेशान करते हैें। पिछले दिनों मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया। ससुराल वालों ने मायके आकर भी मारपीट की।
पुलिस ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के गड़िया गांव निवासी अशोक कुमार, मुन्नी देवी, धर्मेंद्र, रीता, राजकुमार, संगीता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।