एसएसपी ने शुक्रवार देर रात कोतवाली, सदर बाजार और सीपरी बाजार थाने की अपराध की समीक्षा की। वर्ष 2014 की विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के आदेश दिए। थाना सीपरी बाजार के एक दारोगा को जनता से दुर्व्यवहार पर फटकार लगाते हुए नोटिस थमाया। वहीं, दस्तावेज के रखरखाव पर कोतवाली के हैड मोहर्रिर व त्वरित कार्रवाई पर हाइवे मोबाइल टीम को पुरस्कृत किया।
कोतवाली थाने में देर रात तक चली अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी किरन एस ने विगत वर्ष की लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने सीपरी बाजार थाने में तैनात दारोगा करन सिंह की जमकर क्लास लगाई। एसएसपी ने कहा कि जनता से दुर्व्यवहार करने की आएदिन शिकायतें आ रही हैं। व्यवहार में सुधार की हिदायत दी। इसके साथ ही भविष्य में पुनरावृत्ति नहीं करने संबंधी नोटिस भी जारी कर दिया। कोतवाली कार्यालय में दस्तावेजों का रखरखाव अच्छा देख हैड मोहर्रिर गुरुदेव सिंह को पुरस्कृत किया। इस बीच वायरलेस पर सदर बाजार के भगवंत पुरा रोड पर चोरों द्वारा पाइप लाइन काटकर चोरी कर ले जाने की सूचना मिली, जिस पर घेराबंदी करके हाइवे मोबाइल ने मय माल चोरों को पकड़कर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। इस पर कप्तान ने हाइवे मोबाइल टीम को पुरस्कृत किया।