एसएसपी की स्पेशल टीम ने रविवार को बिजौली चौकी के पास बड़े पैमाने पर अवैध रूप से शराब की खुलेआम बिक्री होने का भंडाफोड़ कर दिया। टीम ने स्कार्पियो समेत मध्यप्रदेश की देसी, अंग्रेजी शराब व बीयर समेत एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में चौकी इंचार्ज पर गाज गिर सकती है।
काफी समय से एसएसपी को प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कुछ स्थानों पर अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना मिल रही थी। कई बार थाना पुलिस को कप्तान ने गुप्त रूप से मौके पर भेजा मगर सार्थक परिणाम नहीं मिले। रविवार की दोपहर एसएसपी को सूूचना मिली कि बिजौली चौकी के पास स्थित एक ढाबे पर खड़ी स्कार्पियो से बड़े पैमाने पर मध्यप्रदेश की देसी, अंग्रेजी शराब और बीयर बेची जा रही है।
इस पर एसएसपी ने अपनी स्पेशल टीम को छापा मारने के लिए भेजा। टीम में शामिल एक सदस्य ग्राहक बनकर स्कार्पियो के पास गया और शराब खरीदकर लौटा, तभी टीम के अन्य सदस्यों ने घेराबंदी करके शराब बेचने वाले गया प्रसाद प्रजापति पुत्र रामदास निवासी निचरौली थाना करैरा, शिवपुरी हाल निवासी राजगढ़ को मय स्कार्पियो यूपी93पी- 0528 के गिरफ्तार कर लिया।
स्कार्पियो से पुलिस ने देसी शराब के 37, अंग्रेजी शराब के 10 क्वार्टर व आठ बीयर के कैन बरामद कर लिए। टीम जब बरामद शराब, उसके कारोबारी व स्कार्पियो को लेकर चौकी पर पहुंची तो हड़कंप मच गया। कुछ देर में थाना प्रभारी भी चौकी पर पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।