झांसी। रेलवे स्टेशन के पास प्रतीक्षालय में शुक्रवार की रात हमलावरों ने सरियों से हमला करके एक मजदूर से 8700 रुपये लूट लिए। खून से लथपथ पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कटेरा निवासी छोटेलाल कोरी शहर में मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता है। वह अक्सर स्टेशन के पास बने प्रतीक्षालय में रात को जाकर सो जाता है। शुक्रवार की रात को उसे मजदूरी से एकत्रित किए गए रुपये लेकर घर जाना था। जिसके चलते वह उसी प्रतीक्षालय में लेटा हुआ था। तभी चार-पांच हमलावर आ धमके। आते ही उन्होंने छोटेलाल से गाली-गलौत करते हुए मारपीट कर दी। लोहे की सरिया से प्रहार करके लहूलुहान कर दिया और उससे नगदी लूटकर भाग गए। मौके पर एकत्रित लोगों ने घायल को जिला अस्पताल में लहूलुहान अवस्था में भर्ती कराया है।