झांसी। दबंगों पर पति का अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बरुआसागर थाना क्षेत्र स्थित बावई निवासी सुनैना पत्नी जितेंद्र सिंह ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पिछले दिनों उसका ससुल मलखान सिंह अपने घर के बाहर बैठा था।
इसी दौरान गांव का युवक ट्रैक्टर लेकर आया और उसके ससुर को जान से मारने की नीयत से टक्कर मार दी। इससे वे घायल हो गए। इसकी शिकायत थाने पर गई तो पुलिस दोनों पक्षों को पकड़कर ले गई।
जब वह परिवार की महिलाओं के साथ थाने पहुंची तो वहां पुलिस ने उसके साथ अभद्रता करते हुए दोबारा शिकायत करने पर झूठे मामले में जेल भेजने की धमकी दी। साथ ही बताया कि उसके ससुर व पति को सुबह ही छोड़ दिया गया था।
वह अपने परिवार की महिलाओं के साथ वापस आ रही थी तो दबंगों ने उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और पति जितेंद्र को पकड़ कर ले गए। वापस आने पर उसे घटना की जानकारी हुई।
उसने विपक्षियों से बात की तो उन्होंने बताया कि उसके पति को जान से मार डाला गया है। यदि ज्यादा शिकायत की तो उसकी हत्या की भी धमकी दी। पीड़िता ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में अपने पति को तलाशने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।