आयकर टीम का तीन निजी अस्पतालों में सर्वे
झांसी। आयकर विभाग की टीम ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में स्थित तीन निजी अस्पतालों समेत पांच स्थानों का सर्वे किया। सर्वे से आसपास के अन्य अस्पतालों में भी हड़कंप रहा। देर रात तक अफसर पांचों जगह के रिकॉर्ड खंगालते रहे।
मंगलवार की दोपहर अपर आयकर आयुक्त टीआर रहमान के निर्देश और डिप्टी कमिश्नर अरुण कुमार भाटिया के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज स्थित डॉ. आरआर सिंह के राघवेंद्र हास्पिटल, डॉ. प्रीति गुप्ता के सेठ लक्ष्मण दास मेमोरियल हास्पिटल और डॉ. प्रमोद गुप्ता के वात्सल्य हास्पिटल का सर्वे शुरू किया। साथ ही, राघवेंद्र हास्पिटल में संचालित कनक सीटी स्कैन और वात्सल्य हास्पिटल के श्रीहरि मेडिकल स्टोर की भी जांच की गई। सभी जगह अलग-अलग टीमें मौजूद रहीं।
अफसरों ने कंप्यूटर, कैश बुक, ट्र्रायल बैलेंस, मरीजों के रजिस्टर व लेजरों की जांच की। पता किया कि इन नर्सिंगहोम में प्रतिदिन कितने मरीज आते हैं? उस हिसाब से कितनी आय हो रही है? कितनी आय को आयकर रिटर्न मेें दिखाया जा रहा है। नर्सिंगहोम के साथ और कौन-कौन से स्रोत जुड़े हैं। साथ ही, आय से संबंधित विभिन्न प्रकार के दस्तावेजों की पड़ताल की। देर रात तक अफसर लेखा जोखा बनाते रहे। टीम में आयकर अधिकारी राहुल कुमार दीक्षित, मनोज पांडे, लक्ष्मी मंगतानी, आरएन वर्मा, निरीक्षक वासुदेव तिवारी, प्रदीप सिंह, वीरेश कुमार, सुभाष गंधी आदि शामिल रहे।