ट्रेन में छात्रा से छेड़खानी, पिटाई
झांसी। कुशीनगर एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक छात्रा से छेड़खानी पर हंगामा हो गया। छात्रा ने यात्रियों के साथ मनचले की पिटाई कर दी। ट्रेन के झांसी पहुंचने पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गोरखपुर से चलकर लोकमान्य तिलक जाने वाली ट्रेन नंबर 11016 कुशीनगर एक्सप्रेस में एक छात्रा मुंबई के लिए यात्रा कर रही थी। छात्रा एस-6 कोच में गोरखपुर से सवार हुई थी, उसका टिकट वेटिंग का था। कानपुर से ट्रेन निकलने के बाद छात्रा एक युवक की बर्थ पर जाकर बैठ गई, जहां युवक ने छेड़खानी कर दी। पहले तो छात्रा खामोश रही, इसके बाद उरई से ट्रेन निकलने के बाद पुन: छेड़खानी कर दी। इस पर छात्रा ने हंगामा खड़ा कर दिया। शोर सुनकर अन्य यात्री जाग गए और छात्रा ने युवक की पिटाई कर दी। ट्रेन के झांसी पहुंचने पर जीआरपी ने गोरखपुर के तिलक पट्टी निवासी रसूल को पकड़ लिया। छात्रा की तहरीर पर जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।