----
परिजनों ने रोका जनाजा, जमकर किया हंगामा
- आरोपियोें को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे
- पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया सुपुर्द-ए-खाक
- कई थानों का पुलिस बल भी घर के बाहर लगा रहा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
कोतवाली इलाके के उन्नाव गेट बाहर खेत पर बने कुएं में गिरे राजा बाबू (24) की मौत का मामला ने तूल पकड़ लिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कब्र्रिस्तान जाते समय जनाता रोकने के बाद जमकर हंगामा काटा। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच राजा बाबू को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
मुकरयाना निवासी मुश्ताक का पुत्र राजा बाबू घर मंगलवार शाम दोस्तों के साथ उन्नाव गेट बाहर स्थित जमना कुशवाहा के खेत पर था। इसी बीच संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। घटना की खबर मिलते ही मुकरयाना मोहल्ले में तनाव पैदा हो गया था। रात में ही भारी पुलिस बल ने इलाके में डेरा जमा लिया था। देर रात मृतक के भाई इमरान की तहरीर पर कोतवाली में कामरान, अनीस समेत दो लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पूरी रात पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश देती रही, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आ सके थे। घटना के अगले दिन परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई थी। मामले को देखते हुए कोतवाल अजय पाल, नवाबाद प्रभारी निरीक्षक दीपक मिश्रा, सीपरी बाजार थानाध्यक्ष विजय कुमार, पांडेय, सदर बाजार थानाध्यक्ष लोकेंद्र त्रिपाठी, टहरौली थानाध्यक्ष राजीव बैस, रक्सा थानाध्यक्ष रामवकील सिंह, सकरार थानाध्यक्ष राजेश सिंह समेत कई थानों का पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
दोपहर करीब साढ़े बारह बजे पोस्टमार्टम के बाद शव घर आते ही परिजनों में कोहराच मच गया। इसके बाद परिजनोें ने आरोपी के एक रिश्तेदारी को पकड़कर पिटाई कर दी। किसी तरह पुलिस ने मामले में काबू पाते हुए सभी को अलग किया। लोगों की भीड़ पुन: एकत्रित होने पर पुलिस बल नजर बनाए रखे रही। डेढ़ बजे मोहल्ले की मस्जिद में जनाजे की नमाज अदा होने के बाद कब्रिस्तान ले जाते ही परिजन फिर भड़क गए। बीच सड़क पर जनाजा रखकर हंगामा शुरू कर दिया। मृतका की मां आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए दो बार बेहोश हो गई। यहां मौजूद पुलिस बल ने किसी तरह समझाकर मामला शांत कराया। यहां से निकलने के बाद दतिया गेट के पहले पुन: लोगों ने जनाजा बीच सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। यहां भी पुलिस ने समझाकर जनाजा कब्रिस्तान रवाना कराया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार किया गया।
एसपी सिटी देवेश पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
छावनी में तब्दील रहा मोहल्ला
राजा बाबू की मौत के बाद बाद मुकरयाना में तनाव बरकरार है। मोहल्ले में भारी पुलिस के साथ ही पीएसी भी तैनात कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल लगा दिया गया है, ताकि फिर से विवाद की स्थिति पैदा न हो सके। देर रात कुछ घरों की छतों पर भी पुलिस तैनात रही। साथ ही दिन भर एलआईयू टीम भी लोगोें से पल-पल की जानकारी लेती रही।
पुलिस ने कई स्थानों पर दी दबिश
आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमों ने आरोपियों के घर पर कई बार दबिश दी, लेकिन यहां कोई नहीं मिला। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद पुलिस रिश्तेदारों के घर भी पहुंची। यहां रिश्तेदारों से पूछताछ में कुछ जानकारी हाथ नहीं लग सकी। हालांकि, पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। परिजनों के दोस्तों को भी थाने बुलाकर जानकारियां जुटाईं गईं।
मोहल्ले में नहीं खुलीं दुकानें
घटना से जहां मोहल्ले में तैनात था तो वहीं मोहल्ले की दुकानें नहीं खुलीं। घटना को लेकर दहशत में भी नजर आए। दुकानों के साथ ही मोहल्ले में होटल भी नहीं खुला। दिन भर पुलिस बल भी तैनात रहने के कारण लोग दुकानें नहीं खोल सके।
सांड ने फिर लोगों को दौड़ाया
दतिया गेट के पहले जिस समय लोग जनाजे को लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे, उसी दौरान सांड भीड़ को देखकर भड़क गया। किसी तरह लोगों ने हटकर अपनी जान बचाई। सांड के आ जाने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह सांड को रास्ता देते हुए खदेड़ दिया। गनीमत रही कि लोग सांड का शिकार नहीं बन सके, वर्ना फिर से बड़ी घटना हो सकती थी।