दबंगों की दहशत में किसान ने की आत्महत्या
झांसी। सीपरी बाजार थाना इलाके के करारी गांव में एक किसान ने खेत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों द्वारा आत्महत्या की वजह दबंगों द्वारा दी जा रही धमकी को बताया।
करारी निवासी किसान सीताराम (48) का शव शनिवार की सुबह खेत पर लगे पेड़ पर तौलिया के सहारे लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यहां परिजनों ने बताया कि बीते रोज सीताराम ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर ग्राम लकारा के दबंगों की कार से टकरा गया था, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई थी। दबंग क्षतिपूर्ति के बीस हजार रुपये मांग रहे थे, जो देने की उसकी हैसियत नहीं थी। इससे वह परेशान था। परेशानी में सीताराम ने आत्महत्या कर ली।