ओरछा। क्रिकेटर अरुणलाल अपनी पत्नी बुलबुल शाह के साथ मध्यप्रदेश की पर्यटन नगरी ओरछा पहुंचे। यहां उन्होंने ओरछा की ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों का आनंद लिया। अरुणलाल ने ओरछा की सुंदरता की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि यह उनकी दूसरी विजिट है और हर बार यह जगह उन्हें और भी अधिक आकर्षक लगती हैं।
पर्यटन नगरी ओरछा की खूबसूरती का आनंद लेने प्रसिद्ध क्रिकेटर अरुणलाल अपनी पत्नी बुलबुल शाह के साथ पहुंचे। ओरछा के वरिष्ठ गाइड हेमंत गोस्वामी ने उन्हें यहां की ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों से रूबरू कराया। अरुणलाल ने ओरछा की तारीफ करते हुए कहा कि यहां का अनुभव अविस्मरणीय है। उन्होंने बताया कि यह उनकी दूसरी यात्रा है और ओरछा की खूबसूरती उन्हें बार-बार आने के लिए आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि इस बार आकर महसूस हुआ कि यहां सफाई व्यवस्था में सुधार हुआ है और नए निर्माण कार्यों से शहर की सुंदरता और बढ़ गई है। अरुणलाल ने मध्यप्रदेश टूरिज्म विभाग की सराहना करते हुए कहा कि वे भी ओरछा की सुंदरता बढ़ाने के लिए अच्छा कार्य कर रहे हैं। इस दौरान अरुणलाल और उनकी पत्नी बुलबुल शाह ने ओरछा की प्राकृतिक धरोहरों और ऐतिहासिक स्मारकों का आनंद लिया। उन्होंने जहांगीर महल, राजा महल, लक्ष्मी मंदिर और प्रसिद्ध ओरछा की छतरियों को देखा और उनकी वास्तुकला और इतिहास के बारे में जानकारी ली। ओरछा की छतरियों के पास उन्होंने फोटोग्राफी भी की और अपनी यात्रा के पलों को कैमरे में कैद किया। अरुणलाल ने ओरछा में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि ओरछा का ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक सौंदर्य हर किसी को आकर्षित करता है। उन्होंने एमपी टूरिज्म को धन्यवाद दिया कि वे ओरछा की विरासत और सुंदरता को संरक्षित और प्रोत्साहित करने का कार्य कर रहे हैं।