प्रधान डाकघर स्थित आधार कार्ड केंद्र पर आधार कार्ड बनवाते लोग।
झांसी। नए नागरिकता (संशोधन) कानून बनने के बाद से आधार कार्ड केंद्रों पर हलचल बढ़ गई है। यहां नए आधार कार्ड बनवाने के लिए आने वालों लोगों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। खासतौर पर एक वर्ग विशेष के लोग ज्यादा पहुंच रहे हैं। केंद्रों पर दिन भर लोगों का जमावड़ा बना रहता है।
नया नागरिकता संशोधन कानून बनने के बाद से देश के कई हिस्सों में विरोध - प्रदर्शन का दौर जारी है। इसे लेकर बयानबाजी भी खूब हो रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग नागरिकता संशोधन विधेयक को अपने - अपने ढंग से पेश कर रहे हैं। इन सब से इतर लोगों द्वारा आधार कार्ड को नागरिकता का महत्वपूर्ण आधार बताया जा रहा है। इन अफवाहों के चलते आधार कार्ड केंद्रों पर भीड़ बढ़ गई है। एक वर्ग विशेष के लोग नया आधार कार्ड बनवाने व पुराने में संशोधन कराने के लिए ज्यादा पहुंच रहे हैं।
महानगर में आधार कार्ड बनाने का काम कुछ बैंकों के साथ-साथ प्रधान डाकघर व ललितपुर रोड पर बीएसएनएल के दफ्तर में खुले काउंटरों पर किया जाता है। प्रधान डाकघर में बने केंद्र पर हमेशा से ही भीड़ रहती है। लेकिन, नागरिकता संशोधन विधेयक पास होने के बाद से यहां लगातार भीड़ बढ़ रही है। पहले यहां सामान्य दिनों में अस्सी से नब्बे लोग आधार कार्ड बनवाने के लिए पहुंचते थे, लेकिन अब ये संख्या बढ़कर सवा सौ पार कर गई है। इसके अलावा अन्य आधार कार्ड केंद्रों पर भी संख्या में इजाफा हुआ है।