झांसी। सोमवार को क्राफ्ट मेला ग्राउंड में पटाखा बाजार खुलने के साथ ही एक दुकान को लेकर व्यापारियों में तनातनी की स्थिति पैदा हो गई। इसकी सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। बाद में कुछ व्यापारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझ गया।
नगर में क्राफ्ट मेला ग्राउंड, झांसी क्लब, सीपरी बाजार नेहरू पार्क व प्रेमनगर गढ़िया फाटक पर सोमवार से तीन दिनों के लिए आतिशबाजी बाजार शुरू हुए हैं। क्राफ्ट मेला ग्राउंड में दुकान खुलने के साथ ही विवाद की स्थिति पैदा हो गई। बाजार में रास्ते के लिए छोड़ी गई जगह पर दुकान बनाने का आसपास के व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने अपनी दुकान नहीं खोली।
इस दौरान कुछ व्यापारियों ने आतिशबाजी के थोक कारोबारियों द्वारा पटाखा बाजार में दुकान लगाने का विरोध शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि थोक कारोबारियों ने मनमाने ढंग से प्राइम लोकेशन पर दुकानें सजा ली हैं, जिससे फुटकर विक्रेताओं का कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। इससे वहां काफी देर तक तनातनी की स्थिति बनी रही। मामले की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। बाद में कुछ व्यापारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।