झांसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय और ग्रासलैंड के सभागार में मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नई दिल्ली से जलवायु के अनुकूल धान, गेहूं, बाजरा, मक्का, चना, किनोआ, बकगेहूं, बाकला समेत 35 नई फसलों की प्रजातियों का विमोचन किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का किसान मिट्टी से सोना बनाता है। कहा कि जिन नई 35 प्रजाति का विमोचन किया गया है ये ऐसी प्रजातियां हैं जो भारत देश में कहीं पानी की कमी, कहीं खारा पानी, कहीं बरसात कम होना आदि समस्या होने पर भी आसानी से लग सकती हैं।
प्रधानमंत्री ने विभिन्न प्रदेशों के किसानों से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया और खेती किसानी का हाल जाना। मुख्य अतिथि मुकेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री को गांव और किसान की चिंता है। जिन नई फसलों को पीएम ने विमोचित किया, उससे निश्चित ही किसानों को लाभ मिलेगा। विशिष्ट अतिथि प्रमोद कुमारी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री किसानों के लिए कई योजनाएं चला रहे हैं, जिससे किसानों की आय दोगुनी हो सके। महिला किसानों को कई योजनाओं से अवगत कराया। डा. एसएस सिंह ने सभागार में उपस्थित किसानों को प्रशिक्षण दिया और उनकी फसल संबंधी समस्याओं का निदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक प्रसार शिक्षा डा. एस एस सिंह ने की। इस अवसर पर कुलसचिव डा. मुकेश श्रीवास्तव, डा. गौरव शर्मा, डा. आशुतोष शर्मा, डा. तनुज मिश्रा, डा. संजीव कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
महिला कृषक से पीएम ने किया संवाद
झांसी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली द्वारा प्रधानमंत्री का किसानों के साथ वर्चुअल संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्रासलैंड से जुड़ी महिला कृषक जैतरान बेगम से संवाद किया और उनसे फसलों के बारे में जानकारी ली। जैतरान बेगम ने प्रधानमंत्री को संस्थान से प्राप्त तकनीकी सहयोग के बारे में बताया। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसानों को किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी प्रदान की। ग्रासलैंड के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर महापौर रामतीर्थ सिंघल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डा. अमरेश चंद्रा ने की। कार्यक्रम में जिले की 120 महिला कृषकों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष और वैज्ञानिक उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन डा. प्रभा सिंह किया। डा. गौरेंद्र गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।