झांसी। जिले में अब ‘योद्धाओं’ पर भी कोरोना का हमला शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को झांसी में कोरोना के जो दो नए मामले सामने आए, उसमें एक उरई में तैनात फार्मासिस्ट तो दूसरा सफाई कर्मचारी है। दोनों संक्रमितों के परिजनों को क्वारंटीन कर सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है। इसके साथ ही झांसी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 37 पहुंच गई है।
उरई के आर्मी अस्पताल की डिस्पेंसरी में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। वह तालपुरा कालीमाई मुहल्ले में रहता है। ड्यूटी के दौरान फार्मासिस्ट का घर आना-जाना भी जारी था। दो-तीन दिन पहले बुखार आया तो उरई में ही कोरोना जांच का सैंपल लेकर झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में फार्मासिस्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हो गई है। इसके बाद फार्मासिस्ट के पिता, पत्नी, बच्चे, भाई व उसकी पत्नी, बच्चों को पैरामेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन कर दिया गया है। इनकी भी सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। फार्मासिस्ट के भाई ने बताया कि उनके भी घुटनों में कल दर्द शुरू हो गया था। बाकी, परिवार में किसी की भी तबीयत खराब नहीं है। वहीं, पंचायती राज विभाग में कार्यरत मऊरानीपुर के वीरा गांव निवासी 40 वर्षीय सफाई कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। उसकी 19 से 26 मई तक पैरामेडिकल कॉलेज में ड्यूटी लगी थी। कुछ दिनों से बुखार आने पर बुधवार को वह मेडिकल कॉलेज में दिखाने पहुंचा। उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में सफाई कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित मिला। वह ड्यूटी करने के बाद रोज मोटरसाइकिल से घर जाता था। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम कांटेक्ट ट्रेसिंग कर सभी की जांच करा रही है।
दो-तीन सफाई कर्मियों, पत्नी को भी बुखार
मऊरानीपुर के सफाई कर्मचारी की पत्नी को भी मंगलवार से बुखार बना हुआ है। परिवार में तीन बच्चे भी हैं। सभी को क्वारंटीन कर सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है। बताया गया कि सफाई कर्मचारी के साथ 20 की ड्यूटी लगी हुई थी। दो-तीन कर्मचारियों को भी बुखार है।