झांसी। कोरोना वायरस के संक्रमण के नियंत्रण के लिए जिले में 10 मई से 18 से 44 वर्ष के आयु के लोगों का टीकाकरण शुरू किया गया है। लेकिन, इस आयु वर्ग की आबादी के लिहाज से जिले को उपलब्ध कराए गए टीके ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहे हैं। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जिले की आबादी में 18 से 44 वर्ष की आयु के लोगों का हिस्सा लगभग आठ लाख है, जबकि टीके महज 12,000 ही भेजे गए हैं। ऐसे में महामारी के खिलाफ जारी जंग की रफ्तार बेहद सुस्त पड़ी हुई है।
जिले में वैक्सीनेशन का काम 16 जनवरी से शुरू हुआ था। शुरुआत में फ्रंटलाइन वर्करों को वैक्सीन लगाई गई थी। उसके बाद बुजुर्गों को मौका दिया गया था। इस वर्ग के डेढ़ लाख लोगों को अब तक टीका लगाया जा चुका है। वहीं, अब 10 मई से झांसी में 18 से 44 वर्ष के आयु के लोगों का टीकाकरण शुरू किया गया है। इसके लिए पहली खेप में जिले को 12,000 टीके भेजे गए हैं। लेकिन, आबादी के लिए लिहाज से जिले को उपलब्ध कराए गए टीकों की ये संख्या बेहद कम साबित हो रही है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जिले की कुल आबादी बीस लाख सात हजार है। इसमें 18 से 44 वर्ष के लोगों की आबादी का हिस्सा सात लाख अठहत्तर हजार है। इनमें से चार लाख एक हजार पुरुष व तीन लाख अड़सठ हजार महिलाएं शामिल हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस आयु वर्ग की आबादी चार लाख चौंतीस हजार है, जबकि 18 से 44 वर्ष की आयु के नगरीय क्षेत्रों में तीन लाख चवालीस हजार लोग रहते हैं। इस आयु वर्ग के लोगों की वैक्सीनेशन के लिए जिले में 18 केंद्रों पर टीके लगाए जा रहे हैं। टीकों की संख्या कम होने की वजह से प्रत्येक केंद्र पर रोजाना 50-60 लोगों को ही टीका लग पा रहा है। यानी कोरोना के खिलाफ लड़ाई की रफ्तार झांसी में बेहद सुस्त गति से चल रही है। अगर यही हाल रहा तो 18 से 44 वर्ष की आयु के सभी लोगों के टीकाकरण में एक साल तक का समय लग सकता है।