झांसी। कोरोना संक्रमित मरीज की मौत से नाराज परिजनों ने शनिवार रात एक नर्सिंग होम में जमकर बवाल काटा। नर्सिंग होम संचालक का आरोप है मरीज के परिजनों ने अस्पताल के मेडिकल स्टॉफ के साथ मारपीट करने के अलावा वहां रखे वेंटीलेटर में तोड़फोड़ की। संचालक की तहरीर के आधार पर नवाबाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना नवाबाद के मैरी स्थित सरोज हास्पिटल में अर्जुन सिंह निवासी पूछ कोरोना संक्रमित होने के बाद भर्ती था। उसकी शनिवार रात मौत हो गई। आरोप है अर्जुन की मौत से नाराज परिजन आधी रात करीब डेढ़ बजे अस्पताल पहुंच गए और लापरवाही का आरोप लगाते हुए वहां मौजूद नर्सिग स्टॉफ के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। कुछ कर्मचारियों ने उनको रोकने की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद यह सीधे आईसीयू रूम में घुस गए। वहां रखे वेंटीलेटर भी उठाकर पटक दिए। जब तक अस्पताल के दूसरे लोग पहुंचे सभी आरोपी वहां से भाग खड़े हुए। संचालक ने नवाबाद थाने पहुंचकर मरीज के परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर नवाबाद के मुताबिक तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल संचालक से सीसीटीवी फुटेज मांगी गई है।