दीनदयाल नगर में कोरोना पॉजिटिव महिला के मिलने के बाद गली में जमा लोग।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों के मामले में पिछले एक पखवाड़े तक शून्य पर रहने वाले झांसी में बेहद तेजी के साथ इस महामारी ने अपने पैर पसारे हैं। 21 मरीज अब तक सामने आ चुके हैं। इनमें से दो की मौत भी हो चुकी है। बावजूद, तमाम लोग अब भी लापरवाह बने हुए हैं। यहां तक कि हॉटस्पॉट से सटे इलाकों में ही सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती नजर आती हैं। पुलिस की सख्ती के बाद ही वापस कदम घर की ओर वापस लौटते हैं। जिले में कोरोना वायरस का पहला मामला 27 अप्रैल को सामने आया था। लेकिन, इसके बाद से झड़ी सी लगी हुई है। 21 मरीज अब तक सामने आ चुके हैं। इनमें से दो की मौत भी हो चुकी है। महानगर के दो बड़े इलाकों को हॉटस्पाट में तब्दील कर यहां आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई है। हॉटस्पॉट क्षेत्रों में तो सन्नाटा नजर आता है, लेकिन इनसे सटे हुए मुहल्लेे में लोग बेफिक्री के साथ घरों से गलियों में घूमते नजर आते हैं। लोगों की ये हरकत केवल उन्हें ही नहीं, बल्कि उनके परिवार और मुहल्ले को भी खतरे में डाल सकती है। बावजूद, परवाह नहीं की जा रही है।
शनिवार की सुबह हॉटस्पाट इलाके से सटे नरिया बाजार में सुबह से ही रोजाना की तरह भीड़ देखने को मिली। दुकानों के पर खड़े ग्राहक सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे थे। तमाम लोग तो मास्क तक नहीं लगाए हुए थे। तकरीबन ग्यारह बजे तक यही स्थिति बनी रही। पुलिस की सख्ती के बाद ही यहां सन्नाटा देखने को मिला। कमोबेश यही स्थिति रोजाना ओरछा गेट हॉटस्पॉट एरिया के इर्दगिर्द भी देखने को मिलती है।