झांसी। सोमवार को कमिश्नरी सभागार में झांसी विकास प्राधिकरण बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना ऐसे स्थान पर हो जहां उसकी उपयोगिता अधिक साबित हो सके। उन्होंने अब तक चिह्नित स्थलों पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि व्यापारियों के हित को ध्यान में रखते हूए उनसे भी चर्चा की जाए। पंडित दीनदयाल सभागर का उद्घाटन पच्चीस सितंबर को कराने का निर्देश दिया।
बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि ग्वालियर-कानपुर-शिवपुरी आदि से आने वाले ट्रकों को शहर में न आना पड़े और ट्रांसपोर्ट में उन्हें सहूलियत हो। ग्राम गोरामछिया, दिगारा व भगवंतपुरा को ट्रांसपोर्ट नगर के लिए उपयुक्त बताया। इसमें भूमि खरीद करने में लगभग 48 करोड़ तथा विकास कार्य में 80 करोड़ व्यय का अनुमान है। इसके अलावा बिजौली स्थित ग्रोथ सेंटर के पास नगर निगम की भूमि पर भी ट्रांसपोर्ट नगर बनाए जाने के बारे में चर्चा की गई। बैठक में जेडीए के लैंड बैंक के लिए भूमि क्रय करते हुए बड़ी आवासीय कालोनी व व्यवसायिक कांप्लेक्स का निर्माण व छोटी-छोटी कॉलोनी विकसित कर प्राधिकरण की आय बढाए जाने पर चर्चा की गयी।
बोर्ड बैठक में मंडलायुक्त को प्राधिकरण द्वारा अवगत कराया गया कि 34 अवैध कालोनियों के विरुद्ध कार्रवाई कर ली गयी है। उन्होंने अनाधिकृत व अतिरिक्त निर्माण के नियमितीकरण हेतु उत्तर प्रदेश शासन की शमन शुल्क योजना-2020 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराये जाने के निर्देश दिये। नगर निगम भूमि उपलब्ध कराये ताकि जेडीए द्वारा कैटिल कालोनी विकसित की जा सके। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार के आंवटन शुल्क निर्धारण पर विचार-विर्मश हुआ। बैठक में झांसी-ग्वालियर रोड स्थित रेलवे क्रासिंग पर चारलेन का ओबरब्रिज के निर्माण पर भी चर्चा की गई। बोर्ड बैठक में जिलाधिकारी आंद्रा वामसी, नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, उपाध्यक्ष जेडीए सर्वेश कुमार दीक्षित, सचिव जेडीए त्रिभुवन विश्वकर्मा, टाउन प्लानर एनके पुष्कर्णा, मुख्य अभियंता नगर निगम एलएन सिंह, संयुक्त आयुक्त उद्योग सुधीर कुमार श्रीवास्तव, सदस्य सुबोध गुबरेले, जल निगम, जल संस्थान व विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।