ग्वालियर मार्ग पर कार में सीएनजी गैस भरवा रहे मध्यप्रदेश के लोग। अमर उजाला
सीएनजी के लिए भी झांसी की दौड़ लगाते हैं मध्यप्रदेश के लोग
झांसी। पेट्रोल और डीजल के साथ मध्यप्रदेश के लोग सीएनजी के लिए भी झांसी की दौड़ लगाते हैं। मध्यप्रदेश के सीमावर्ती जिलों में सीएनजी पंप न होने से यहां के वाहन चालक झांसी आ रहे हैं। ऐसे में जिले के सीएनजी पंपों की खपत बढ़ गई है। मध्यप्रदेश के वाहन यहां आने से पंपों पर रोज करीब 30 हजार किलो प्रतिदिन सीएनजी की खपत हो रही है।
झांसी और यहां से सटे मध्यप्रदेश के इलाकों में सीएनजी वाहनों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ सीएनजी की मांग भी बढ़ रही है, लेकिन जिले से सटे मध्यप्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में सीएनजी पंप की उपलब्धता नहीं है। वहीं झांसी में करीब चार सीएनजी पंप हैं। इन पंपों पर हर दिन करीब 20 हजार किलो प्रतिदिन की खपत है। पंपों पर झांसी के करीब 20 हजार से अधिक वाहन सीएनजी लेने पहुंचते हैं। वहीं जिले से सटे मध्यप्रदेश के इलाकों में सीएनजी पंप नहीं हैं। ऐसे में यहां के करीब 10 हजार वाहन भी झांसी आते हैं। इसके चलते झांसी के पंपों पर सीएनजी की खपत बढ़कर 30 हजार किलो हो गई है।
बताया जाता है कि मध्यप्रदेश के ग्वालियर और अन्य बड़े महानगर में ही यह सुविधा है। दतिया के लोगों के लिए ग्वालियर 65 किमी और झांसी 25 किमी दूर है। वहीं ओरछा और निवाड़ी से भी झांसी की दूरी कम है। हालांकि झांसी में ग्वालियर के मुकाबले सीएनजी के दाम अधिक हैं, लेकिन दूरी कम होेने से मध्यप्रदेश के लोग यहां आते हैं। मध्यप्रदेश में सीएनजी की कीमत 65 रुपये किलो है। जबकि झांसी में सीएनजी 75 रुपये किलो में मिल रही है। झांसी में भी सीएनजी की आपूर्ति कानपुर से होती है। ऐसे में मालभाड़ा और अन्य खर्च के चलते दाम बढ़ जाते हैं।