झांसी। सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट की ओर से आयोजित अंतरविभागीय टी-20 कप में शनिवार को खेले गए मुकाबलों में सीएमएलआरआरसीएनके और रेलवे डीजल किंग्स की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों मुकाबलों में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला।
पहले मुकाबले में सीएमएलआरआरसीएनके ने कॉमर्शियल को 39 रन से शिकस्त दी। टॉस जीतकर कॉमर्शियल ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। सीएमएलआरआरसीएनके ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 145 रन बनाए। धीरेंद्र ने 20 गेंदों पर 37, सचिन ने 26 और राजेंद्र कुमार ने 26 रन का योगदान दिया। कॉमर्शियल की ओर से हरजीत सिंह ने तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कॉमर्शियल की टीम 17.5 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। शादाब हुसैन ने 27 और निखिल कोटे ने 15 रन बनाए। एमएलआरसीएनके की ओर से सचिन ने 13 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि राजेंद्र कुमार ने तीन और मनोज कुमार ने दो विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई।
डीजी किंग्स ने ऑपरेटिंग को 64 रन से हराया
दूसरे मुकाबले में रेलवे डीजल किंग्स ने ऑपरेटिंग को 64 रन से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेलवे डीजल किंग्स की टीम 19.1 ओवर में 117 रन पर ऑलआउट हो गई। कुलदीप सिंह ने 42 गेंदों पर 41 रन बनाए। ऑपरेटिंग की ओर से राजेंद्र बंजारा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 13 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। जवाब में ऑपरेटिंग की टीम 12.3 ओवर में 53 रन पर ढेर हो गई। धीरू राजपूत ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। रेलवे डीजल किंग्स की ओर से सोहेल खान ने हैट्रिक सहित चार विकेट झटके, जबकि प्रदीप और अमित ने दो-दो विकेट लिए। इस अवसर पर शोभाराम राय, बृजेंद्र यादव, हाफिज खान, उदयपाल सिंह, अभिषेक रायकवार, विक्रांत दुबे, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अशोक सेन, संस्थान सचिव मुकेश कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।
आज के मुकाबले
-इलेक्ट्रिकल जनरल बनाम वर्कशॉप वारियर्स सुबह 09:00 बजे
ग्वालियर डिपो बनाम कॉमर्शियल दोपहर 01:00 बजे