झांसी। विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने के लिए भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं का दौरा तय हो गया है। दो दिवसीय दौरे के तहत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 13 फरवरी को झांसी आएंगे। सोमवार को वह ललितपुर भी जाएंगे। जबकि, 14 फरवरी को गृहमंत्री अमित शाह झांसी में जनसभाएं करेंगे।
छत्तीसगढ़ के सीएम रविवार की रात आठ बजे निजी होटल में व्यापारियों के साथ संवाद करेंगे। कांग्रेस के नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन ने बताया कि सीएम भूपेश बघेल 14 फरवरी को सीपरी बाजार में जनसंपर्क करेंगे। वह ललितपुर में जनसंपर्क और महरौनी में जनसभा भी करेंगे।
वहीं, बीजेपी महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा ने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को सुबह 11:30 बजे झांसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर से दोपहर 12 बजे मऊरानीपुर के दमेले मैदान पहुंचकर जनसभा पहुंचेंगे। फिर दोपहर 1:40 बजे बरुआसागर के मनसुल माता मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां पर ही उनका हैलीपैड बनाया गया है। दोपहर 3:15 बजे क्राफ्ट मेला मैदान में शाह की जनसभा होगी। शाम चार बजे सभा समाप्त होने पर झांसी से रवाना हो जाएंगे।