अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम-अर्बन (सीएम ग्रिड) योजना के तहत पहले चरण में बन रहीं तीन सड़कों का काम 35 फीसदी पूरा हो गया है। इन मार्गों को अगले साल मार्च तक संवारा जाना है। वहीं, दूसरे चरण का कार्य भी शुरू हो गया है।
सीएम ग्रिड के तहत पहले चरण में लगभग 36 करोड़ से तीन सड़कों को संवारा जा रहा है। वार्ड 10 में महावीरन मंदिर से पंपेश्वर महादेव मंदिर होते हुए नहर की पुलिया तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क को सात मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। दोनों तरफ फुटपाथ और नाली भी बनाई जाएगी। इसके अलावा वार्ड 31 में लहरगिर्द में अंडरब्रिज से हरकिशन डिग्री कॉलेज और शिवपुरी हाईवे तक मॉडल सड़क बनवाई जा रही है। यहां भी सात मीटर तक सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण, जाल, ड्रेन कवर लगाने का काम हो रहा है। वहीं, बीकेडी चौराहा से चित्रा चौराहा तक के मार्ग को भी मॉडल बनाया जा रहा है। नगर निगम के मुख्य अभियंता राजवीर सिंह का कहना है कि इन सड़कों का काम 35 फीसदी पूरा हो चुका है। इसके अलावा दूसरे चरण में 43 करोड़ से इलाइट चौराहा से पहूज नदी तक सड़क को मॉडल बनाया जा रहा है। इसका काम अभी शुरू हुआ है। बारिश के चलते काम धीमा है। ये सड़क भी डेढ़ साल में बनकर तैयार की जानी है।