व्यापारियों की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने महानगर के व्यापारियों के साथ बैठक की। तीन दिन के भीतर महानगर के सभी क्षेत्रों में पुलिस व व्यापार मंडल की समन्वय समिति बनाने का निर्णय लिया। यह समिति सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर चर्चा करेगी। बैठक में सोमवार को सीपरी व मंगलवार को मानिक चौक में लगने वाले अस्थाई बाजार को बंद कराने व बाजारों में ठेले वाले न आ सकें, इसके लिए विशेष सख्ती होगी।
एसएसपी ने बताया कि महानगर के बाजारों में नगर निगम द्वारा जो पार्किग स्थल आवंटित हैं, वहां पार्किग की व्यवस्था व्यापार मंडल द्वारा की जाएगी। दुकानों के बाहर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्ती से निपटा जाएगा। बाजारों में दुकानों व प्रतिष्ठानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनमें अधिकांश खराब हैं। ऐसे दुकानदार पंद्रह दिन के भीतर कैमरे दुरूस्त करा लें, इसके लिए भी अभियान चलाकर मौके पर ही जांच कराई जाएगी। बाजारों में नगर निगम द्वारा येलो लाइन डाली जाएगी, ताकि अतिक्रमण न पसर सके।
बैठक में एसएसपी ने कहा कि दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन अवश्य करा लें। बाजारों में सादे कपडों में पुलिस कर्मियों की भी तैनाती होगी। सुझाव दिया गया कि 40-50 दुकानों पर दिन व रात्रि के समय एक-एक सुरक्षा गार्ड भी रखें। बैठक में एसपी सिटी देवेश पांडेय, सीओ सिटी जितेंद्र सिंह परिहार, व्यापारी नेता संजय पटवारी, शैलेंद्र जैन, अतुल जैन, विनोद सब्बरवाल, मुकेश अग्रवाल, अतुल किल्पन, राजेश बिरथरे, संतोष साहू, फिरोज खान भी मौजूद रहे।