झांसी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शनिवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा साइकिल रैली की शुरूआत हुई। इस अवसर पर रानी लक्ष्मीबाई की जीवन गाथा पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ।
किले के मुख्य द्वार से शनिवार की सुबह साइकिल रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रवि शर्मा समेत सीआईएसएफ के डीआईजी एस अंबष्ठा, जिलाधिकारी आंद्रा वामसी, सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमांडेंट निर्विकार वर्मा, पीटीपीपी के मुख्य महाप्रबंधक एमके सचान, पूर्व ओलंपियन अशोक ध्यानचंद व पुरातत्व विभाग के अधीक्षक मनोज सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर विधायक ने देश की आजादी में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के योगदान को याद किया।
विदित हो कि साइकिल रैली में सीआईएसएफ के 12 जवान शामिल हैं, जो 490 किमी की दूरी तय कर दो अक्तूबर को महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट नई दिल्ली पहुंचेंगे। शुभारंभ के मौके पर सीआईएसएफ के धर्मवीर भारती, वीपी सिंह, वीपी यादव आदि मौजूद रहे।